राजनारायण ने गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया

दीपक श्रीवास्तव 
राजनारायण ने गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया
जयंती समारोह में श्यामबहादुर पाल ने उनकी सादगी, निर्भीकता और जनपक्षधरता को लोकबंधु की पहचान बताया

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर जिला उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल की अध्यक्षता में सोमवार को 12 बजे से 3 बजे तक लोकबंधु राजनारायण की जयंती मनाई। 
श्यामबहादुर पाल ने कहा कि राजनारायण ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने अन्याय और तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाई और सत्ता के सामने नहीं झुके।पाल ने कहा कि राजनारायण ने डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी विचारों को अपनाया और सामाजिक न्याय व समानता की लड़ाई को दिशा दी। वे आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करते थे। पाल के मुताबिक, उनकी सादगी, निर्भीकता और जनपक्षधरता के कारण उन्हें लोकबंधु कहा गया।उन्होंने बताया कि 1971 में राजनारायण ने रायबरेली लोकसभा सीट से तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। चुनावी अनियमितताओं को लेकर उन्होंने अदालत में लड़ाई लड़ी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने देश की राजनीति को प्रभावित किया।
पाल ने कहा कि आपातकाल के दौरान राजनारायण ने लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए जेल में यातनाएं सहीं, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।जिला महासचिव आरिफ हबीब ने राजनारायण के जीवन, राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण पर बात की।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला महासचिव आरिफ हबीब ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ