एक सूरज का अस्त, जिसकी रोशनी से रोशन हुए लाखों परिवार; डॉ. आरके सिन्हा का निधन

दीपक श्रीवास्तव 

एक सूरज का अस्त, जिसकी रोशनी से रोशन हुए लाखों परिवार; डॉ. आरके सिन्हा का निधन


पत्रकारिता, राजनीति, उद्योग और समाजसेवा के क्षेत्र में छोड़ी अमिट छाप, संगत-पंगत संगठन ने जताया शोक

जौनपुर, 30 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद, हिन्दुस्थान समाचार के पूर्व अध्यक्ष एवं सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (एसआईएस) ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार को 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक, पत्रकारिता, उद्योग और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनका जीवन संघर्ष, संकल्प, राष्ट्रसेवा और समाज के वंचित वर्गों को रोजगार से जोड़ने की प्रेरणादायक मिसाल रहा।

22 सितंबर 1951 को बिहार के बक्सर जिले के बहियारा गांव में एक साधारण परिवार में जन्मे आरके सिन्हा ने पटना के अनुग्रह नारायण कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की। शुरुआती दिनों में उनका मासिक वेतन महज 230 रुपये था। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने युद्ध संवाददाता के रूप में खुलना, कुष्टिया और ईशुरदी सेक्टर से साहसिक रिपोर्टिंग की। युद्ध के दौरान सैनिकों के संघर्ष और सेवानिवृत्त जवानों की समस्याओं को करीब से देखने का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा।

जेपी के सुझाव से रखी एसआईएस की नींव

पत्रकारिता के दौरान वे लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति आंदोलन से भी जुड़े। जेपी ने उन्हें सेवानिवृत्त सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों के कौशल का उपयोग कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने का सुझाव दिया था। इसी विचार को उन्होंने अपने जीवन का मिशन बना लिया। वर्ष 1974 में पटना के एक छोटे से किराये के कमरे में महज 250 रुपये की पूंजी और दो लोगों के साथ सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (एसआईएस) की स्थापना की।

उन्होंने निजी सुरक्षा क्षेत्र को संगठित और पेशेवर स्वरूप देने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। वर्ष 1984 में निजी सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की। वर्ष 2008 में ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा कंपनी चब सिक्योरिटी का अधिग्रहण कर भारतीय सुरक्षा उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। एसआईएस समूह का कारोबार भारत सहित कई देशों तक विस्तारित हुआ और लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिले। उनका मानना था कि किसी युवा के हाथ में रोजगार और चेहरे पर आत्मसम्मान देखना ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

पत्रकारिता और राजनीति में भी रहा अहम योगदान

डॉ. आरके सिन्हा का पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने देश की प्रतिष्ठित बहुभाषी समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे पत्रकारिता को राष्ट्र और समाज की चेतना का माध्यम मानते थे। जनसंघ के समय से ही राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वर्ष 1966 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने उन्हें जनसंघ की सदस्यता दिलाई थी। आपातकाल के दौरान भी उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में आवाज उठाई। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल सिन्हा वर्ष 2014 से 2020 तक बिहार से राज्यसभा सदस्य रहे। संसद में उन्होंने आंतरिक सुरक्षा, रक्षा और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।

शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में भी किया काम

शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति भी उनका विशेष लगाव था। वर्ष 2001 में उन्होंने देहरादून में द इंडियन पब्लिक स्कूल की स्थापना की। अवसर ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग दिया। ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उन्होंने योगदान दिया। उनकी सामाजिक और शैक्षणिक सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2023 में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की थी।

संगत-पंगत संगठन ने जताया गहरा शोक

डॉ. आरके सिन्हा के निधन पर संगत-पंगत संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश श्रीवास्तव बच्चा भइया एडवोकेट, जौनपुर जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश श्रीवास्तव दीपक (वरिष्ठ पत्रकार), नगर अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, अनीस श्रीवास्तव, नेता जी सहित अनेक लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि डॉ. आरके सिन्हा का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने संघर्ष, दूरदर्शिता और सेवाभाव से लाखों लोगों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन का अवसर दिया। पत्रकारिता से लेकर उद्योग, राजनीति और समाजसेवा तक उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। वे ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने स्वयं संघर्ष कर दूसरों के जीवन में खुशहाली के दीप जलाए। उनके विचार, कार्य और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ