जौनपुर में 31 अक्टूबर को लगेगा वृहद परिवहन मेला, मौके पर होगा समस्याओं का निस्तारण

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में 31 अक्टूबर को लगेगा वृहद परिवहन मेला, मौके पर होगा समस्याओं का निस्तारण
जौनपुर, 28 अक्टूबर । वाहन स्वामियों, चालकों और आम नागरिकों की परिवहन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 31 अक्टूबर को जौनपुर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय परिसर में एक दिवसीय वृहद परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस, बकाया कर और अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए विशेष काउंटर बनाए जाएंगे।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) के अनुसार, परिवहन मेले का आयोजन शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इसका उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाने के साथ ही लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण करना है।
मेले में लर्निंग एवं स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस नवीनीकरण, पता परिवर्तन और अन्य संशोधनों से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा वाहन के स्वामित्व हस्तांतरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), वाहन पर ऋण संबंधी हाइपोथिकेशन दर्ज कराने या हटाने, फिटनेस प्रमाण पत्र और पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) से जुड़े मामलों में भी सहायता मिलेगी।

वाहनों के लंबित कर जमा करने और संबंधित त्रुटियों के निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी। उत्तर प्रदेश मोटर यान कराधान नियमावली, 1998 के नियम 24 के तहत शास्ति में छूट का लाभ देते हुए पात्र मामलों में बकाया कर जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही परिवहन विभाग से संबंधित शिकायतों और तकनीकी समस्याओं के लिए हेल्पडेस्क स्थापित की जाएगी। लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

एआरटीओ प्रशासन ने जनपद के सभी वाहन स्वामियों, व्यावसायिक वाहन संचालकों, चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर परिवहन मेले का लाभ उठाएं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ