दीपक श्रीवास्तव
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा विजिलेंस अवेयरनेस वीक के अंतर्गत ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन
जौनपुर, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा विजिलेंस अवेयरनेस वीक के अंतर्गत आज डीबीएस इंटर कॉलेज, जौनपुर में कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता की भावना विकसित करना तथा उन्हें नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख श्री संतोष कुमार, केंद्रीय कार्यालय से पधारे मुख्य प्रबंधक विकास श्रीवास्तव तथा बैंक के विजिलेंस अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं शंभू चरण सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय कार्यालय, जौनपुर से अभिषेक गुप्ता, धर्मेश झा, प्रशांत पांडेय एवं शुभम तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रामदयालगंज शाखा की प्रबंधक श्रीमती विभा सिन्हा भी उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील विश्वकर्मा सहित विद्यालय के अन्य प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सतर्कता के महत्व, भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों, रिश्वतखोरी के विरोध तथा ईमानदारी, नैतिकता एवं पारदर्शिता के मूल्यों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में सत्यनिष्ठा अपनाने और समाज में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “Say No to Bribery” (रिश्वतखोरी को ना कहें) एवं “Digital Banking” (डिजिटल बैंकिंग) जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से रिश्वतखोरी के विरोध, ईमानदारी के महत्व तथा डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूकता का संदेश प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को क्षेत्र प्रमुख संतोष कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील विश्वकर्मा तथा उपस्थित बैंक एवं विद्यालय के अन्य अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह, रचनात्मकता एवं जागरूकता की सराहना की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सतर्कता जैसे मूलभूत मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की यह पहल विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने तथा भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें