दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में 15 फरार गैंगस्टर आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
जौनपुर, 02 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गैंगस्टर एक्ट के मामलों में फरार चल रहे 15 आरोपियों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुरस्कार घोषित किया है। सभी 15 आरोपियों पर घोषित इनाम की कुल राशि 3.75 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा अपराध संख्या 370/2026 में तीन आरोपी वांछित हैं। इनमें जय हिन्द पटेल, नीरज यादव उर्फ गोलू और नितेश पटेल शामिल हैं। तीनों मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जलालपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 123/2026 में कादिर, बदरे आलम और मो. आजाद वांछित हैं। कादिर और बदरे आलम सुल्तानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र तथा मो. आजाद अमेठी जिले के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
सरपतहां थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 में अर्गुपुर कला निवासी शिवानन्द तिवारी वांछित है। वहीं, सिंगरामऊ थाने के मुकदमा अपराध संख्या 130/2026 में शत्रुघन पाण्डेय, घनश्याम पाण्डेय, अंकज तिवारी, दीपक तिवारी उर्फ भगवान तिवारी और पंकज तिवारी फरार बताए गए हैं।
खेतासराय थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 312/2026 में आरिफ, कलीम और अरबाज वांछित हैं। पुलिस ने इन तीनों पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना पुलिस लगातार तलाश कर रही है। आरोपियों के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने या जौनपुर पुलिस को सूचना दें।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें