IIT गुवाहाटी के हैकाथॉन में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

दीपक श्रीवास्तव 
IIT गुवाहाटी के हैकाथॉन में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) के छात्र अंकित तिवारी और पीयूष मौर्य ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी में आयोजित Hackyard हैकाथॉन में प्रतिभाग कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों छात्रों ने प्रतियोगिता में सहभागिता के बाद प्रमाणपत्र प्राप्त किया।

इसके साथ ही छात्रों ने कार्यक्रम के समानांतर आयोजित Agent37 प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एक वेबसाइट विकसित कर अपने वेब डेवलपमेंट कौशल, रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उनकी सहभागिता के लिए उन्हें Agent37 की टी-शर्ट प्रदान की गई।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. सिंह ने बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी सहभागिता तकनीकी नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देती है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।

IIT गुवाहाटी से वापस लौटने पर छात्रों का विश्वविद्यालय में स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव विनोद कुमार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव तथा सहायक कुलसचिव बबीता जी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दोनों छात्रों ने इस अनुभव को सीखने और अपने तकनीकी कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ