भाजपा सरकार डबल नहीं, डबल कायर सरकार है: डॉ. रागिनी सोनकर

दीपक श्रीवास्तव 
भाजपा सरकार डबल नहीं, डबल कायर सरकार है: डॉ. रागिनी सोनकर
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रोकने और लोकतंत्र की आवाज दबाने का लगाया आरोप, पुरानी पेंशन बहाली का किया समर्थन

जौनपुर ,11 अक्टूबर।यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने नोएडा में एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के सवाल पर कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जो चाहती है, वही कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह डबल इंजन नहीं, बल्कि डबल कायर सरकार है डॉ. सोनकर ने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को अनुमति नहीं दी जा रही है। युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है और पत्रकारों को रोका जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर बच्चियों के साथ अभद्रता करने का आरोप भी लगाया। कहा कि जंतर-मंतर पर आंदोलन संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपा के राज्यसभा सांसदों को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता की मूलभूत समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। 27 हजार स्कूल बंद होने, युवाओं की नौकरियों और शिक्षा-सुरक्षा से जुड़े सवालों पर सरकार चर्चा क्यों नहीं करती? उन्होंने चुनावी चंदे, प्रधानमंत्री केयर्स फंड और इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय के सामने पोस्टर-बैनर फाड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र की आवाज बनकर संघर्ष कर रहा है। सरकार सत्याग्रह को दबाकर सत्ता में बने रहना चाहती है, लेकिन देश संविधान से चलेगा, तानाशाही से नहीं।
 शिक्षक एमएलसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षक वर्ग परेशान है। शिक्षकों से हर तरह के काम कराए जा रहे हैं, जबकि समाज में गुरु का सर्वोच्च स्थान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अखिलेश यादव की घोषणा के अनुसार पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ