वालंटियर से दुर्व्यवहार के आरोप पर छात्रों का प्रदर्शन

दीपक श्रीवास्तव 
वालंटियर से दुर्व्यवहार के आरोप पर छात्रों का प्रदर्शन
कुलपति और पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह के आश्वासन पर शांत हुए विद्यार्थी, ट्रॉफी आयोजकों को सौंपी

जौनपुर। प्रीमियर लीग (जेपीएल) के समापन से पहले बुधवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में तैनात छात्र वालंटियरों ने सरायख्वाजा थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कुलपति कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया और लीग की ट्रॉफी आयोजकों को सौंप दी।

विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित जौनपुर प्रीमियर लीग के दौरान व्यवस्थाओं को संभालने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को वालंटियर के रूप में दी गई थी। बुधवार शाम करीब पांच बजे वालंटियरों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। वालंटियरों का नेतृत्व कर रहीं इष्विका सिंह ने आरोप लगाया कि सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। इससे नाराज विद्यार्थी स्टेडियम से निकलकर कुलपति कार्यालय पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद कुलपति वालंटियरों के साथ पैदल एकलव्य स्टेडियम पहुंचे और वहां सुरक्षा में तैनात थाना प्रभारी से बातचीत की। हालांकि, इस दौरान भी विद्यार्थियों की नाराजगी दूर नहीं हुई।

वालंटियरों की मांग थी कि उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अपनी गलती स्वीकार करे। काफी देर तक वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बनने पर विद्यार्थियों ने जौनपुर प्रीमियर लीग की ट्रॉफी को घेर लिया और आयोजकों को उसे ले जाने से रोक दिया। इसके बाद वालंटियरों की ओर से इष्विका सिंह और उद्देश्य सिंह ने कुलपति तथा पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह से वार्ता की।

अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और ट्रॉफी आयोजकों को सौंप दी। कुलपति ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में विश्वविद्यालय में होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरे प्रकरण से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ