दीपक श्रीवास्तव
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, पांच हजार महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
चार किलोमीटर तक निकली यात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा शहर
जौनपुर, 20 अक्टूबर । यूपी के जौनपुर में सेवा भारती काशी प्रांत के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा से पूर्व मंगलवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पीले परिधानों में सजी पांच हजार से अधिक महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। करीब चार किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा शहर राममय हो गया।
आदिगंगा गोमती के तट स्थित केरारवीर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन के बाद सुबह करीब 10 बजे कलश यात्रा शुरू हुई। यात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं, जबकि पुरुष और युवा जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। विभिन्न प्रांतों से आए कलाकारों की धार्मिक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कलश यात्रा केरारवीर मंदिर से चहारसू चौराहा, ओलंदगंज, रुहट्टा, पॉलिटेक्निक चौराहा और वाजिदपुर तिराहा होते हुए बीआरपी इंटर कॉलेज परिसर स्थित कथा पंडाल में पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
पंडाल में यात्रा के समापन पर 11 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना कराई।
श्रीराम कथा के मुख्य यजमान एवं आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि बुधवार से प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज श्रीराम कथा सुनाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से समय से पहुंचकर कथा का श्रवण करने की अपील की
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें