दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में स्नातक चुनाव में 42.01 और शिक्षक निर्वाचन में 72.07 प्रतिशत मतदान
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया, डीएम और एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
जौनपुर, 23 अक्टूबर। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान शुक्रवार को जौनपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 42.01 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 72.07 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो निर्धारित समय शाम चार बजे तक चला।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 60,396 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 25,377 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान करने वालों में 17,975 पुरुष और 7,402 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस प्रकार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 42.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,776 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 4,884 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने वालों में 4,034 पुरुष और 850 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 72.07 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह पूरे दिन मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन का जायजा लिया।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें