दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में गैंगस्टर एक्ट का 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
जौनपुर, 04 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को उसे लक्ष्मी मोड़ तिराहा से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आरिफ पुत्र हद्दीस निवासी बीरी समसुद्दीनपुर, थाना खुटहन, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आरिफ के खिलाफ खुटहन और खेतासराय थानों में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ खुटहन थाने में मुकदमा संख्या 100/2025 और 71/2025 तथा खेतासराय थाने में मुकदमा संख्या 312/2026 दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें