जौनपुर में पीईटी की पहली पाली में 16,696 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में पीईटी की पहली पाली में 16,696 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

32 सेक्टर और 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी
जौनपुर। जिले में शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की पहली पाली में 16,696 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। दोनों पालियों में 16,696-16,696 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा के नोडल प्रभारी एडीएम परमानंद झा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारिश को देखते हुए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि रास्ते में किसी अभ्यर्थी को परेशानी होने पर उसे अपने वाहन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करें, ताकि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि सभी 32 केंद्रों पर आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में हाथ में कलावा बांधकर आने, महिलाओं के बालों में जुड़ा बांधने, हेयर पिन लगाने तथा कंगन और चूड़ियां पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ