दीपक श्रीवास्तव
10 अक्टूबर को इंग्लिश क्लब में रोजगार मेला, छह हजार युवाओं ने कराया पंजीकरण
जौनपुर, 08 अक्टूबर । पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की 18वीं पुण्यतिथि पर 10 अक्टूबर को नगर के इंग्लिश क्लब में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस नेता एवं उनके पौत्र विकेश उपाध्याय ‘विक्की’ की पहल पर आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में 50 से अधिक कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब छह हजार युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
सिविल लाइन स्थित तड़का बैंक्वेट हाल में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में विकेश उपाध्याय ने बताया कि ‘रोजगार संकल्प अभियान’ के तहत मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले के युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां मेले में पहुंचकर अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
मेले में रिसेप्शनिस्ट, फ्रंट डेस्क, बैंक कार्यालय, अकाउंटेंट, सेल्स, मार्केटिंग, नर्सिंग और अस्पताल स्टाफ सहित विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। अलग-अलग शैक्षिक योग्यता और कौशल रखने वाले युवा इसमें भाग ले सकेंगे।
आयोजकों ने बताया कि रोजगार मेले को लेकर युवाओं में उत्साह है। ऑनलाइन पंजीकरण अभी जारी है। मेले की चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी और अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा मेला
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे इंग्लिश क्लब पहुंच सकते हैं। इच्छुक युवा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9455803612 और 9415602860 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों के अनुसार स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की पुण्यतिथि पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की यह पहल उन्हें श्रद्धांजलि देने का माध्यम है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें