पीएम बिना टेलीप्रॉम्पटर के वंदे मातरम सुना दें तो राजनीति छोड़ दूंगा : संजय सिंह

दीपक श्रीवास्तव 
पीएम बिना टेलीप्रॉम्पटर के वंदे मातरम सुना दें तो राजनीति छोड़ दूंगा : संजय सिंह

जौनपुर, 16 सितंबर । यूपी के जौनपुर में सुईथाकला क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर में मंगलवार को संविधान सहनिर्माता एवं पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्भार की 117वीं जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर के बीएड विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लालमणि प्रजापति ने डॉ. रत्नप्पा कुम्भार और महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर माल्यार्पण व पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान उनके विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि संविधान के साथ छेड़छाड़ करने वालों को कभी माफ नहीं करना चाहिए। यही डॉ. रत्नप्पा कुम्भार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि देश किसी नेता के फरमान से नहीं, बल्कि संविधान से चलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री बिना टेलीप्रॉम्पटर के वंदे मातरम सुना दें तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने भाजपा पर मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही सरकार पर स्कूल बंद होने, रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं को परेशान करने का आरोप लगाया।
पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्भार के देश के लिए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पुष्पांजलि अर्पित करने से जयंती का उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि उनके विचारों पर चलना होगा।
प्रजापति महासभा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व शासकीय अधिवक्ता सुरेंद्र प्रजापति ने समाज के अधिकारों और विभिन्न विभागों में भागीदारी सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। अध्यक्षता करते हुए डॉ. लालमणि प्रजापति ने संविधान और अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। आयोजक विनोद प्रजापति व मनोज प्रजापति ने अतिथियों और आगंतुकों का आभार जताया। कार्यक्रम में अनुराग मिश्रा, दिलीप प्रजापति, मोहित, भोला, शिव प्रसाद, मनीराम, आरएस, महेश और जीतू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ