दीपक श्रीवास्तव
कजगांव के कजरी मेले में बिना दुल्हन लौटे दूल्हे और बाराती
जौनपुर, 03 सितंबर।। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव स्थित राजेपुर पोखरे पर लगने वाला प्रसिद्ध कजरी मेला बुधवार को सम्पन्न हुआ। सदियों पुरानी परंपरा के तहत इस बार भी दूल्हे और बाराती बिना दुल्हन के ही घर लौट गए।
मेले में राजेपुर गांव की ओर से गाजे-बाजे के साथ दूल्हा रवि सोनकर रथ पर सवार होकर पोखरे के पूर्वी तट पर पहुंचा। उसके साथ आए बाराती नाचते-गाते रहे। कुछ देर बाद कजगांव की ओर से भी बड़ी संख्या में बाराती पहुंचे। घोड़े और रथ पर सवार दूल्हे पिंटू सोनकर, करिया, रहीस, राजेश राजभर और पुचुन राजभर भी मेले में पहुंचे। डीजे, भांगड़ा और बैंड-बाजे की धुन पर बारातियों ने जमकर नृत्य किया।
इसके बाद पोखरे के पश्चिमी छोर पर दोनों पक्षों के दूल्हे अपने सहयोगियों और पंडित के साथ खड़े हुए। इसके साथ ही मेले की मुख्य परंपरा शुरू हुई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आपत्तिजनक इशारे और अभद्र टिप्पणियां की गईं। यह सिलसिला दो घंटे से अधिक समय तक चला। हजारों महिला-पुरुष इस पारंपरिक आयोजन के साक्षी बने। आयोजन समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के दूल्हे और बाराती बिना दुल्हन के अपने-अपने घर लौट गए।
मेले में लोगों ने खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लिया। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुएं खरीदीं और झूलों का आनंद लिया। बच्चों ने खिलौने खरीदे, जबकि बुजुर्गों ने गृहस्थी से जुड़ा सामान लिया।
मेले की व्यवस्था में नगर पंचायत के छोटेलाल यादव, विपिन पटेल, बृजेन्द्र पटेल, हृदय नारायण और राजेश कुमार आदि ने सहयोग किया। संचालन आनंद कुमार और देवेंद्र सिंह ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, एसआई मुख्तार राम और प्रभाकर सिंह समेत पुलिसकर्मी लगातार मेले में भ्रमण करते रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें