भारत को भारत समझना होगा, अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें: डॉ. मनमोहन वैद्य

दीपक श्रीवास्तव 

भारत को भारत समझना होगा, अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें: डॉ. मनमोहन वैद्य

जौनपुर, 13 सितंबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जौनपुर नगर की ओर से संघ की 100 वर्ष की यात्रा के उपलक्ष्य में रिवर व्यू होटल में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा कि नई पीढ़ी को भारत को भारत के रूप में समझना होगा। हम अपनी पहचान और गौरव को भूलते जा रहे हैं। देश के नागरिक होने के नाते प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। दुनिया में जो देश विकसित हुए हैं, वहां के नागरिकों ने अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए योगदान दिया है। भारत विविधता में एकता, सबके सुख और विश्व बंधुत्व की भावना के लिए जाना जाता है। हमारी सबसे बड़ी विशेषता अध्यात्म है और हमारी संस्कृति की मूल भावना एकता तथा सभी में ईश्वर के अंश को देखने की है।

डॉ. वैद्य ने कहा कि संघ ने 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा में अनेक संघर्षों का सामना करते हुए निरंतर कार्य किया है। शताब्दी वर्ष में संघ की ओर से पंच परिवर्तन के माध्यम से देशभर में अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं, भारतीय शिक्षा और संस्कृति को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि सेवा और समर्पण ही संघ की पहचान है। अब भारत आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका और मजबूत हो, यही भाव होना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कैप्टन डॉ. एके सिंह ने की। उन्होंने कहा कि देश अपना है, इस अपनत्व की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को देश को आगे बढ़ाने में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुभाष विश्नोई द्वारा वंदेमातरम गीत से हुआ। डॉ. नरेंद्र पाठक ने एकल गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. अविनाश पार्थडिकर, प्रांत कार्यवाह मुरली पाल, विभाग प्रचारक आदित्य, विभाग कार्यवाह डॉ. नितेश, विभाग कार्यवाहिका नीतू सिंह, जिला प्रचारक अमरजीत, जिला कार्यवाह रजनीश, नगर कार्यवाह डॉ. राजीव त्रिपाठी समेत संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।





कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ