दीपक श्रीवास्तव
आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय से स्वस्थ समाज की दिशा में बढ़ा जौनपुर
लायंस क्लब ‘गोमती’ के ‘सम्पूर्ण संवाद’ में विशेषज्ञों ने साझा किए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सूत्र
जौनपुर, 21 सितंबर। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय तथा स्वस्थ जीवनशैली को लेकर रविवार को कुंवर दास सेवा आश्रम हॉस्पिटल, आजमगढ़ रोड में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ की ओर से आयोजित ‘सम्पूर्ण संवाद’ में दोनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का समाधान किया।
‘आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा : स्वास्थ्य के दो आयाम—सम्पूर्ण संवाद’ विषयक कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों चिकित्सा पद्धतियों को लेकर लोगों में व्याप्त जिज्ञासाओं और भ्रांतियों को दूर करना तथा प्रमाणिक चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
आधुनिक चिकित्सा पद्धति की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अवध यादव, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वी.एस. उपाध्याय और फिजिशियन डॉ. अंशु कुमारी ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं में समय पर जांच, उचित उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला।
आयुर्वेद की ओर से शकुंतला यादव आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना त्रिपाठी, डिप्टी मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. अरुण कुमार तिवारी तथा वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. यादव ने आयुर्वेद की जीवनशैली आधारित अवधारणाओं, आहार-विहार, दिनचर्या और रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल बीमारी का उपचार पर्याप्त नहीं है। संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम, उचित दिनचर्या, मानसिक संतुलन और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी जरूरी है। किसी भी औषधि अथवा चिकित्सा पद्धति को अपनाने से पहले योग्य चिकित्सक की सलाह लेने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. शंकुतला यादव ने कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को लेकर लोगों के मन में अनेक प्रश्न होते हैं। ऐसे संवाद विशेषज्ञों और आमजन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ के उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि समाज को स्वास्थ्य संबंधी सही और प्रमाणिक जानकारी मिलने से लोग अपने और परिवार के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से भविष्य में भी ऐसे सार्थक संवाद आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने समाधान किया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें