दीपक श्रीवास्तव
दरवाजा लगाने को लेकर हुए विवाद में बढ़ई ने ईंट से प्रहार कर विवाहिता की हत्या , आरोपी गिरफ्तार
पनौली हत्याकांड में 24 घंटे में आरोपित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद
जौनपुर, 08 सितंबर। यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव में निर्माणाधीन मकान में हुई विवाहिता की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दरवाजा सही तरीके से नहीं लगाने को लेकर हुए विवाद में बढ़ई लालमन विश्वकर्मा ने 48 वर्षीय गुड़िया की ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपित को लक्ष्मीशंकर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई।
पनौली गांव निवासी गुड़िया पत्नी मुक्तार अहमद सोमवार को अपने निर्माणाधीन मकान में फर्नीचर का काम कराने गई थीं। कुछ देर बाद उनका शव मकान में पड़ा मिला। सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद स्वजन ने हत्या की आशंका जताई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि गुड़िया ने गांव के ही लालमन विश्वकर्मा से मकान में दरवाजा लगवाया था। दरवाजा सही तरीके से नहीं लगाए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अनुसार, विवाद के दौरान लालमन ने ईंट से गुड़िया के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने स्वजन की तहरीर के आधार पर लालमन विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्ष्मीशंकर मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपित से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें