दीपक श्रीवास्तव
चंद्रशेखर आजाद पर कथित हमले के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन
गोंडा में पुलिस पर दुर्व्यवहार और काफिले पर हमले का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
जौनपुर, 14 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नगीना सांसद एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर गोंडा में हुए कथित हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष भानु भारती के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष भानु भारती ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके काफिले पर भी हमला किया गया।
भीम आर्मी ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, पुलिस वायरलेस संदेश और ड्यूटी चार्ट समेत अन्य अभिलेख सुरक्षित कराने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जांच में यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की अभद्रता, अधिकारों के दुरुपयोग अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही काफिले पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा, सम्मान एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की समयबद्ध जांच कर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें