दीपक श्रीवास्तव
आईएएस प्रतिभा वर्मा के पिता को श्रद्धांजलि, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद
जौनपुर। आईएएस अधिकारी प्रतिभा वर्मा के पिता एवं बाबा भगवान दास आदर्श इंटर कॉलेज, विकवाजितपुर, सुल्तानपुर के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सुइथाकला के गैरवाह निवासी स्वर्गीय सुबंश वर्मा को रविवार को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर शिक्षा और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। विशेष रूप से बेटी प्रतिभा वर्मा को शिक्षित कर आईएएस अधिकारी बनाने के उनके प्रयास को प्रेरणादायी बताया गया।
पत्रकार रामनरेश प्रजापति ने कहा कि सुबंश वर्मा ने शिक्षा को जीवन का आधार मानते हुए अपनी बेटी को पढ़ाया-लिखाया और उन्हें सिविल सेवा में पहुंचाया। उनका जीवन क्षेत्र के अभिभावकों के लिए प्रेरणा है। बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देकर गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंबेडकरनगर के प्रगतिशील किसान चंद्रेश वर्मा ने मृत्यु भोज को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके बहिष्कार की अपील की। उन्होंने कहा कि शोक की घड़ी में आर्थिक बोझ डालने के बजाय गरीबों की मदद, बच्चों की शिक्षा और समाजोपयोगी कार्य किए जाने चाहिए।
सुबंश वर्मा की पत्नी एवं प्राथमिक विद्यालय बभनगवां प्रथम की प्रधानाध्यापक ऊषा वर्मा ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को परिवार, शिक्षा जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रभूषण पटेल ने किया। इस दौरान मंशाराम वर्मा, हरिवंश वर्मा, हौसिला प्रसाद वर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुबंश वर्मा का 31 अगस्त को लखनऊ के अपोलो अस्पताल में बीमारी के चलते निधन हुआ था।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें