दीपक श्रीवास्तव
सीनियर सिटीजन डे पर सम्मानित होंगे 88 वर्षीय महावीर प्रसाद त्यागी
निलाया वरिष्ठ नागरिक मंच की बैठक में वरिष्ठतम नागरिक के सम्मान का निर्णय, जरूरतमंद बुजुर्गों की मदद का भी लिया संकल्प
गाजियाबाद (एनसीआर)। निलाया वरिष्ठ नागरिक मंच (निवनाम) की बैठक में आगामी 21 अगस्त को सीनियर सिटीजन डे के अवसर पर निलाया ग्रीन्स सोसायटी के वरिष्ठतम नागरिक 88 वर्षीय महावीर प्रसाद त्यागी को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। मंच के सभाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ दास ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसकी घोषणा की।
सोसायटी के क्लब हाउस में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं मंच के संयोजक सत्येंद्र प्रकाश ने महावीर प्रसाद त्यागी के नाम का प्रस्ताव रखा। उपस्थित सदस्यों ने एकमत से प्रस्ताव का समर्थन किया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मंच की सदस्यता के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, निर्बल, निराश्रित और असहाय वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए सदस्यों से न्यूनतम 50 रुपये प्रतिमाह सहयोग राशि ली जाएगी। मंच आकस्मिक, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य परिस्थितियों से प्रभावित बुजुर्गों की खोज-खबर लेने और उनकी मदद के लिए भी पहल करेगा।
सदस्यों किशोर कुमार और सुनील अग्रवाल ने मंच के नाम, कार्यक्षेत्र और सदस्यता को लेकर सुझाव रखे। इस पर संयोजक और अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मंच के नाम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। सोसायटी के बाहर के 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को आमंत्रित सदस्य तथा 60 वर्ष से कम उम्र के लोगों को स्वयंसेवी सदस्य के रूप में जोड़ा जा सकेगा।
बैठक में मदर्स डे पर सोसायटी की वरिष्ठतम महिला नागरिक को सम्मानित करने के प्रस्ताव पर एकमत नहीं बन सका। अध्यक्ष की सहमति से इस प्रस्ताव को अगली बैठक तक विचारार्थ टाल दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उमेश चंद्र मिश्र ने मंच के सदस्यों को जांच एवं चिकित्सा सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने की पहल की। प्रो. डॉ. भुवन कुमार ने समय-समय पर आपदा प्रबंधन संबंधी सहयोग देने, जबकि अधिवक्ता एमए वसीम अंसारी ने विधिक सहायता उपलब्ध कराने की पेशकश की।
बैठक में सुरेंद्र लाल, फतेह बहादुर, नरेश पाल, रूपक कुमार, आरके श्रीवास्तव, मंगू त्यागी, विमल घोष, देवेंद्र कुमार सिंह, ओंकार सोनी, पूरन सिंह, अशोक पांडेय, अखिलेश राय, राजीव कुमार गुप्ता सहित कई सदस्य मौजूद रहे। एओए चुनाव में कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सतीश शिवहरे ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन व्यवस्था में सीएसओ विनोद सिंह और युवा मंच के विवेक अरोड़ा का सहयोग रहा। टिफिन सेवा से जुड़ी मुदिता ने चाय की व्यवस्था की। स्वागत संयोजक सत्येंद्र प्रकाश ने किया, जबकि अंत में सभाध्यक्ष एसएन दास ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें