दीपक श्रीवास्तव
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया गणपति नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन
जौनपुर में गणपति पूजा महासमिति के कंट्रोल रूम का किया शुभारंभ
जौनपुर में श्री गणपति पूजा महासमिति के नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन शनिवार देर रात हुआ। यह नियंत्रण कक्ष शहर के कोतवाली चौराहा पर स्थित है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और क्षेत्राधिकारी सदर सम्यक चौधरी ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
उद्घाटन से पहले मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे और अध्यक्ष दीपक जावा ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा की। इसके बाद महासमिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गणेश पूजा के साथ ही जिले में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। उन्होंने गणपति पूजा महासमिति के आयोजन की भव्यता, अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल की सराहना की। राज्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल के लिए रही है। सभी त्योहारों को इसी भावना के साथ मिल-जुलकर मनाना चाहिए।
उन्होंने जोर दिया कि प्रशासन और पूजा समितियां आपसी तालमेल से काम करें, ताकि बड़े आयोजन भी अच्छे से हो सकें। नियंत्रण कक्ष से पूजा पंडालों और शोभायात्रा की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि पूजा और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात और सुरक्षा का खास ध्यान रखें। राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से भी जरूरी सहयोग दिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी सदर सम्यक चौधरी ने कहा कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने गणेश प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से कराने का भरोसा दिया। उन्होंने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें