राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जौनपुर के खाते में दो स्वर्ण पदक

दीपक श्रीवास्तव 
राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जौनपुर के खाते में दो स्वर्ण पदक
जौनपुर, 12 सितंबर । योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित आईआईटी यूनिवर्सिटी रुड़की में दो दिवसीय राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जौनपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में योगासन स्पोर्ट्स अलायंस एसोसिएशन जौनपुर की अध्यक्ष रजनी साहू ने रैफरी, ऑफिशियल और खिलाड़ी के रूप में सहभागिता की। जौनपुर की ओर से 45 आयु वर्ग की प्रोफेशनल श्रेणी में रजनी साहू तथा 16 से 18 आयु वर्ग में आंशिका सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न योगासन विधाओं में अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। जौनपुर के दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से जिले के योग प्रेमियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही जौनपुर जिले में योग को खेल के रूप में बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई।
रजनी साहू ने कहा कि योग को खेल के रूप में आगे बढ़ाने के लिए जिले में प्रतिभावान खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ