चार दरोगाओं समेत 10 पुलिसकर्मी निलंबित, लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई

दीपक श्रीवास्तव 
चार दरोगाओं समेत 10 पुलिसकर्मी निलंबित, लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई

जौनपुर, 13 सितंबर । यूपी के जौनपुर में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और अभ्यस्त व दुस्साहसी अभियुक्तों की निगरानी में चूक पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायख्वाजा और लाइन बाजार थाने के चार उपनिरीक्षकों समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एक साथ दो थानों के पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी की कार्रवाई में सरायख्वाजा थाने के उपनिरीक्षक गोविन्द मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनन्जय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार शामिल हैं।
वहीं लाइन बाजार थाने के उपनिरीक्षक रामभरोसा राम, उपनिरीक्षक धन्जी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव को भी निलंबित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मियों पर अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अभ्यस्त एवं दुस्साहसी अभियुक्तों की प्रभावी निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अभ्यस्त और दुस्साहसी अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर चूक कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की निगरानी में लापरवाही हो या कर्तव्य निर्वहन में ढिलाई, किसी भी स्तर पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक साथ 10 पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में कड़ा कदम माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ