दीपक श्रीवास्तव
पुलिस पर वामपंथी नेताओं से निजी दस्तावेज मांगने का आरोप: जय प्रकाश सिंह
रात में घर पहुंचकर दबाव बनाने का दावा, भाकपा ने कार्रवाई को बताया अनुचित और गैरकानूनी
जौनपुर, 29 अगस्त। यूपी के जौनपुर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पुलिस पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निजी दस्तावेज मांगने तथा देर रात उनके घरों पर पहुंचकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। भाकपा के जिला सचिव जय प्रकाश सिंह ने शनिवार को इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 17 अगस्त की रात से विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) के अधिकारी वामपंथी दलों से जुड़े लोगों से व्यक्तिगत दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कह रहे हैं।
जय प्रकाश सिंह के अनुसार, कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मी रात 12 से एक बजे के बीच कार्यकर्ताओं के घरों पर पहुंचे और दस्तावेज देने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एलआईयू के अधिकारियों की ओर से फोन के माध्यम से भी निजी दस्तावेज जमा करने को कहा जा रहा है। पार्टी का दावा है कि इसके लिए कोई लिखित आदेश, नोटिस या आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
भाकपा ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रतियां और वंशावली जैसी व्यक्तिगत जानकारी मांगी जा रही है। पार्टी ने कहा कि ऐसी जानकारी लेने का कोई स्पष्ट कानूनी आधार बताया नहीं गया है। भाकपा ने इस कार्रवाई को नागरिकों की निजता और अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए इसे अनुचित, गैरकानूनी और निंदनीय करार दिया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि वामपंथी दल देश के पुराने राजनीतिक संगठनों में शामिल हैं और उनका स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान तक लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की इस तरह की कार्रवाई विपक्ष की आवाज दबाने और कार्यकर्ताओं को परेशान करने का प्रयास है।
भाकपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में स्थिति स्पष्ट करने तथा कार्यकर्ताओं से निजी दस्तावेज मांगने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों को संविधान प्रदत्त अधिकार प्राप्त हैं और किसी भी कार्रवाई में कानून और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें