डीएम के औचक निरीक्षण में सीएचसी बदलापुर की व्यवस्थाओं की खुली पोल

दीपक श्रीवास्तव 
डीएम के औचक निरीक्षण में सीएचसी बदलापुर की व्यवस्थाओं की खुली पोल
फार्मासिस्ट को शोकॉज नोटिस, मेडिकल स्टोर संचालकों से जवाब तलब; बंद अल्ट्रासाउंड सेंटर की दोबारा जांच के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को तहसील बदलापुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएचसी की फार्मेसी के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि फार्मासिस्ट द्वारा अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित फार्मासिस्ट के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण/शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को उनके वितरण में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने सीएचसी के बाहर संचालित मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन किए जाने के बावजूद आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं कराए जाने पर उन्होंने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। जिलाधिकारी के पहुंचने पर सेंटर का तकनीशियन शटर बंद कर मौके से चला गया। संबंधित चिकित्सक के बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि वह बाहर गए हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सवाल उठाया कि चिकित्सक की अनुपस्थिति में अल्ट्रासाउंड जांच किस प्रकार संचालित की जा रही है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने तहसील स्तरीय अधिकारियों को सेंटर की तत्काल दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए। आवश्यक होने पर नियमानुसार सेंटर को सील करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न शिकायतें भी जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील बदलापुर परिसर और कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने एवं लंबित वादों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने को कहा। तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और नियमित सफाई कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों और तहसील कार्यालयों में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ