सीएमओ ने किया सीएचसी शाहगंज का औचक निरीक्षण

दीपक श्रीवास्तव 
सीएमओ ने किया सीएचसी शाहगंज का औचक निरीक्षण

जौनपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने शुक्रवार की रात करीब 8:40 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सीएमओ ने सर्जिकल वार्ड, जेएसवाई वार्ड, लेबर रूम तथा आकस्मिक सेवा का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। भर्ती मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार के संबंध में बातचीत की, जिस पर मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। मरीजों की संतुष्टि और अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखकर सीएमओ प्रसन्न नजर आए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया। परिसर में बन रहे रैन शेड को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने जेएसवाई भुगतान को लेकर संबंधित नर्सिंग स्टाफ को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के खाते में भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी करने के साथ उसका रिकॉर्ड भी अपडेट रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण में यदि भुगतान संबंधी लापरवाही या रिकॉर्ड में कमी पाई गई तो संबंधित कर्मचारी की वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर का भी अवलोकन किया। रजिस्टर के अनुसार सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. रफीक फारूकी, डॉ. राकेश, सिस्टर प्रमिला, चीफ फार्मासिस्ट  ए.एन. यादव सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ