दीपक श्रीवास्तव
कूलर ठीक करते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत
जौनपुर , शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर उसरहटा गांव में कूलर ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया मौत गांव में भी मातम पसरा है।
अशरफपुर उसरहटा निवासी रूपेश राजभर (23) पुत्र रामसूरत राजभर क्षेत्र के ही इमरान गंज बाज़ार में नाई का काम करता है। रात घर में खराब पड़े कूलर को ठीक कर रहा था। इसी दौरान कूलर में अचानक विद्युत प्रवाह होने लगा और रूपेश करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजनों को घटना की जानकारी होते ही वे आनन-फानन में रूपेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें