दीपक श्रीवास्तव
राष्ट्रीय सनातन संघ के प्रभारी बने संदीप श्रीवास्तव, कार्यकर्ताओं में खुशी
जौनपुर। राष्ट्रीय सनातन संघ ने संदीप श्रीवास्तव को संगठन का प्रभारी नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने संदीप श्रीवास्तव को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इसी क्रम में 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सनातन संघ के कार्यालय पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता योगेश श्रीवास्तव मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय महासचिव अजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगा फहराते ही परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि योगेश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि अजय कुमार का माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि योगेश श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय महासचिव अजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सनातन संघ राष्ट्रहित, समाजसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
नवनियुक्त प्रभारी संदीप श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें