दीपक श्रीवास्तव
भाजपा की सरकार सनातन विरोधी है: डॉ रागिनी सोनकर
जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर सरकार विफल : डॉ. रागिनी सोनकर
विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने पेपर लीक से लेकर किसान और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पेपर लीक, किसानों की समस्याएं, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, सरकारी स्कूलों के बंद होने और राम मंदिर से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चोरी और चढ़ावे से जुड़े मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं से प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनके अनुसार, छात्रों का आंदोलन केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि वर्षों से चली आ रही परीक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ था।
भाजपा के एक नेता की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों पर की गई कथित टिप्पणी का जिक्र करते हुए डॉ. सोनकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बच्चों और युवाओं का सम्मान सर्वोपरि है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने वाले छात्रों का अपमान उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा की सरकार को सनातन विरोधी बताया।
विधायक ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में खाद की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान मुश्किलों से जूझ रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें