दीपक श्रीवास्तव
जेआरएफ में मान्या सिंह ने हासिल की सफलता
जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र के भगासा गांव निवासी स्व.मुख्य नाथ सिंह की पौत्री मान्या सिंह ने जून 2026 की जूनियर रिसर्च फेलोशिप परीक्षा में इतिहास विषय से सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार को परिणाम घोषित होने के बाद मान्या के चयन की जानकारी मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।मान्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। ग्रामीण परिवेश में रहकर उन्होंने इंटरमीडिएट की शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद इतिहास विषय में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की। जून 2026 में आयोजित जेआरएफ परीक्षा में उन्होंने इतिहास विषय से सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र के लोगों में भी हर्ष व्याप्त है।मान्या ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, माता-पिता के सहयोग तथा गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त की जा सकती है।मान्या के पिता हेमंत सिंह मुंबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता नीतू सिंह गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की इस उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित है। मान्या की सफलता पर मित्रों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें