दीपक श्रीवास्तव
नागपंचमी पर निकलेगी षष्टांग दंडवत यात्रा, बाबा जागेश्वर नाथ का होगा जलाभिषेक
हनुमान घाट से जल लेकर हजारों शिवभक्त करेंगे दंडवत यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगा नगर
जौनपुर। पवित्र श्रावण मास एवं नागपंचमी के अवसर पर बोल बम दंडवत संघ जौनपुर की ओर से सोमवार, 17 अगस्त को भव्य षष्टांग दंडवत यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर शनिवार को संस्था की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों और यात्रा के मार्ग की जानकारी दी गई। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सत्यनारायण केसरी ‘नंदी बम’ ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिवभक्तों से सपरिवार यात्रा में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे हजारों शिवभक्त हनुमान घाट स्थित आदि गंगा गोमती के तट पर एकत्र होंगे। यहां से पवित्र जल लेकर दंडवत यात्रा प्रारंभ होगी। श्रद्धालु दंडवत करते हुए हनुमान घाट, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा और नवाब यूसुफ रोड होते हुए मोहल्ला आलमगंज स्थित श्री श्री 1008 बाबा जागेश्वर नाथ धाम पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालुओं द्वारा बाबा जागेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
दंडवत यात्रा के दौरान बाबा का रथ शोभायात्रा के रूप में आगे चलेगा। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए यात्रा में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यात्रा को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
प्रशासन के सहयोग की सराहना
संस्थापक अध्यक्ष सत्यनारायण केसरी ‘नंदी बम’ ने कहा कि धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन का हर वर्ष महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं भी सहयोग करती हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं, कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों का आभार जताया।
उन्होंने जौनपुर के सभी शिवभक्तों से नागपंचमी के दिन होने वाली इस पावन दंडवत यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा जागेश्वर नाथ का जलाभिषेक करने की अपील की।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें