27 अगस्त को पूर्वांचल विश्वविद्यालय में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन


दीपक श्रीवास्तव 
27 अगस्त को पूर्वांचल विश्वविद्यालय में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन
जौनपुर, 24 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और मेरा युवा भारत जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से होगी। इसका देशभर के जनपदों में एक साथ लाइव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का स्वागत संबोधन तथा राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी होगा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर तथा राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर को कैटेगरी-ए के लिए चयनित किया गया है। यहां लाइव प्रसारण के साथ दो-तरफा संवाद की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बदलापुर, जौनपुर और महात्मा गांधी शती स्मारक महाविद्यालय, गरुआ, मकसूदपुर, गाजीपुर को कैटेगरी-बी में चयनित किया गया है। यहां लाइव प्रसारण के साथ एक-तरफा संवाद की व्यवस्था होगी।
युवा अधिकारी तन्मय मोहन ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय खिलाड़ियों के साथ मॉडरेटेड परिचर्चा, जनप्रतिनिधियों का संबोधन और युवाओं के विचार एवं आकांक्षाओं को जानने के लिए 15 मिनट का ‘युवा संवाद’ सत्र आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान युवा चार प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव रखेंगे। इनमें देश में खेल पारितंत्र को मजबूत बनाना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का विकास, शासन-व्यवस्था में युवा नेतृत्व एवं सहभागिता तथा विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाना शामिल है।
कार्यक्रम में युवाओं को ‘मेरा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों एवं मेरा युवा भारत के जिला संयोजकों ने जिले के छात्र-छात्राओं और युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ