दीपक श्रीवास्तव
मां के साथ दवा लेने जा रही किशोरी ने शाही पुल से गोमती नदी में लगाई छलांग तलाश जारी
जौनपुर ,31 जुलाई । यूपी के जौनपुर में नगर कोतवाली थाना अंतर्गत एक किशोरी ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना के समय वह अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से दवा लेने जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना शाम लगभग 4 बजे हुई। करीब 18 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ ई-रिक्शा में सवार थी। शाही पुल पर पहुंचते ही उसने चालक से रुकने को कहा और ई-रिक्शा से उतर गई। इससे पहले कि उसकी मां कुछ समझ पाती, किशोरी ने नदी में छलांग लगा दी। किशोरी की पहचान नगर के गूलर घाट निवासी सैय्यद हसनैन की बेटी गुड़िया के रूप में हुई है। वह अपनी मां शर्मिला के साथ दवा लेने जा रही थी। बेटी के नदी में कूदने के बाद मां वहीं विलाप करने लगी। किशोरी देखते ही देखते नदी में डूब गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह और चौकी प्रभारी सरायपोख्ता राहुल रंजन सहयोगी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों की मदद से गुड़िया की तलाश शुरू की। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
किशोरी द्वारा आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के बीच पारिवारिक कलह को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। इस संबंध में कोतवाल अनीता सिंह ने बताया कि अभी बच्ची की तलाश की जा रही है। परिजनों से बातचीत किया जा रहा है लड़की के नदी में कूदने की वजह क्या है पुलिस मामले की जांच कर रही है।परिजनों द्वारा कोई बात नहीं बताई गई है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें