अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में जौनपुर में सपा का प्रदर्शन, रिहाई की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी

दीपक श्रीवास्तव 
अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में जौनपुर में सपा का प्रदर्शन, रिहाई की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी

जौनपुर,21 जुलाई। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को जौनपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ता अंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने कहा कि दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में अखिलेश यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि जब तक अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरने में मौजूद मल्हनी विधायक लकी यादव ने भी केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसमें कई नेताओं को चोटें आईं। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ