नीट पेपर लीक के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

दीपक श्रीवास्तव 
नीट पेपर लीक के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
जौनपुर, 21जुलाई । यूपी के जौनपुर में नीट पेपर लीक मामले के विरोध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष घनश्याम सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में अधिवक्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे सोनम वांगचुक की मांगों को भी सरकार से तत्काल स्वीकार करने की अपील की गई।
इसके बाद कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष घनश्याम सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महामंत्री मनोज कुमार मिश्र एडवोकेट ने किया। बैठक में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की अधिवक्ताओं ने कड़ी निंदा की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर का चक्रमण कर अपना विरोध दर्ज कराया। विरोध प्रदर्शन के कारण अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में न्यायिक कार्य प्रभावित रहा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ