रेल मंत्रालय के अधिकारी से मिले व्यापारी, जौनपुर जंक्शन के विकास के लिए रखीं अहम मांगें

दीपक श्रीवास्तव 
रेल मंत्रालय के अधिकारी से मिले व्यापारी, जौनपुर जंक्शन के विकास के लिए रखीं अहम मांगें

जौनपुर। रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर वाराणसी मंडल, उत्तर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक रामनिवास यादव (सीएमआई) के साथ जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापार मंडल ने जौनपुर जंक्शन के विकास और व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखीं।
जिला अध्यक्ष दिनेश टंडन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूर्व में रेल मंत्री एवं महाप्रबंधक को दिए गए ज्ञापन के आधार पर यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने वाणिज्य निरीक्षक से आग्रह किया कि व्यापार मंडल की सभी मांगों और सुझावों को रेल मंत्री तथा रेलवे के उच्च अधिकारियों तक तत्काल भेजा जाए।
सब्जी एवं फल व्यापार समिति के महामंत्री तथा प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने जौनपुर जंक्शन पर रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर और शेडिंग की सुविधा जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने रेलवे साइडिंग रैक की व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा जौनपुर से प्रमुख व्यापारिक शहरों के लिए मां शीतला एक्सप्रेस चलाने का भी सुझाव दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सुगंधित तेल कुटीर उद्योग के जिलाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने कहा कि रेलवे की उपेक्षा के कारण जौनपुर का प्रसिद्ध चमेली सुगंधित तेल उद्योग प्रभावित होकर लगभग समाप्त हो गया है। उन्होंने रेलवे से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की मांग की।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल तथा सब्जी-फल व्यापार समिति के अध्यक्ष राजमणि यादव ने कहा कि जौनपुर जंक्शन एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद यहां यात्रियों और व्यापारियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के छोटे स्टेशनों पर उपलब्ध कई सुविधाएं भी जौनपुर जंक्शन पर नहीं हैं। साथ ही बड़े शहरों के लिए नई ट्रेनों का संचालन शुरू किए जाने की मांग उठाई।
बैठक में प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि, जिला संरक्षक छब्बूलाल सोनकर, जिला महामंत्री रामकुमार साहू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश सोनकर, नरसिंह अवतार जायसवाल, रामआसरे मौर्य, रत्तीलाल सोनकर, आशीष माली, पप्पू सोनकर, बाबा जी, विजय सोनकर, राकेश जायसवाल, यशवंत साहू, चंदन जायसवाल सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ