राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता बिंद ने की जनसुनवाई, महिला उत्पीड़न मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

दीपक श्रीवास्तव 
राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता बिंद ने की जनसुनवाई, महिला उत्पीड़न मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
शाहगंज में महिला जागरूकता चौपाल आयोजित, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी
जौनपुर, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता बिंद ने मंगलवार को जनपद जौनपुर के निरीक्षण भवन, लाइन बाजार में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिलाधिकारी की ओर से नामित उपजिलाधिकारी (न्यायिक) केराकत बिंदु लता, पुलिस अधीक्षक की ओर से नामित क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा, उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी तथा महिला एवं बाल सम्मान प्रकोष्ठ के प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण कुमार राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद विकास खंड सभागार, सोंधी शाहगंज में महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना (सामान्य), घरेलू हिंसा अधिनियम तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (प्रतिषेध, प्रतितोष एवं निवारण) अधिनियम-2013 की विस्तृत जानकारी दी।
उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराया।
राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता बिंद ने महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं और पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बच्चों से जुड़ी समस्याओं के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा महिलाओं से संबंधित शिकायतों के लिए 181 महिला हेल्पलाइन का उपयोग करने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी सोंधी गजेंद्र प्रताप सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की पुस्तिकाएं और हेल्पलाइन नंबरों के पंपलेट वितरित किए गए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ