दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में तमंचे के बल पर 68 हजार की लूट,पुलिस बूथ के पास बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जौनपुर,17 जुलाई । यूपी के जौनपुर में शुक्रवार शाम शहर कोतवाली थाना क्षेत्र रसूलाबाद स्थित पुलिस बूथ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर देशी शराब की दुकान के एक कर्मचारी से
68 हजार रुपए नकदी से भरा बैगलूट कर फरार हो गए।
थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान की अनुज्ञापी प्रियंका जायसवाल के कर्मचारी स्कूटी से दिनभर की बिक्री की रकम लेकर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे जब कर्मचारी मील चौराहा स्थित रेलवे अंडरपास के भीतर पहुंचा, तो पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और चौकियां रोड की तरफ भाग गए।
लूट की यह घटना उस स्थान पर हुई, जहां से कुछ ही दूरी पर एक पुलिस बूथ स्थित है। इस वारदात ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध है पुलिस सीसीटीवी के जरिये जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित रास्तों पर तलाश अभियान चला रही हैं।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस बूथ के पास ऐसी वारदात होना आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा पर चिंता पैदा करता है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें