10 हजार रुपये की रिश्वत लेते शाहगंज तहसील का चकबंदी कानूनगो विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

दीपक श्रीवास्तव 
10 हजार रुपये की रिश्वत लेते शाहगंज तहसील का चकबंदी कानूनगो विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

जौनपुर,24 जुलाई । यूपी के जौनपुर में शाहगंज कोतवाली थाना अंतर्गत भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान निवारण वाराणसी की टीम ने शुक्रवार को शाहगंज तहसील परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही।
 खुटहन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी श्रीमान सिंह पुत्र स्व तीरथ राज ने चकबंदी से संबंधित मामले में शाहगंज कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि मामले में अनुकूल रिपोर्ट लगाने के एवज में चकबंदी कानूनगो अनिल कुमार ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच कर आरोपों की पुष्टि की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने शाहगंज तहसील परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास आरोपी को तय रकम सौंपी। जैसे ही कानूनगो ने रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए वाराणसी ले गई।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले अवैध धन की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल विजिलेंस को दें। शिकायत की गोपनीय जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ