पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन


दीपक श्रीवास्तव 
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन
कानपुर।कांग्रेस के कद्दावर नेता, पूर्व कोयला मंत्री और तीन बार कानपुर के सांसद रहे श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन हो गया है। 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे जायसवाल की तबीयत शुक्रवार सुबह अचानक ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें कानपुर कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कानपुर की राजनीति का एक बड़ा नाम, 81 वर्षीय जायसवाल काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। राजनीतिक जीवन में उनका कद हमेशा ऊँचा रहा। वे न केवल कानपुर के तीन बार सांसद रहे, बल्कि मनमोहन सिंह सरकार में गृह राज्य मंत्री और कोयला मंत्री जैसे अहम पदों पर भी रहे।
श्रीप्रकाश जायसवाल ने 1989 में कानपुर के मेयर के रूप में राजनीतिक सफर की शुरुआत की।
इसके बाद 1999, 2004 और 2009—तीन बार लगातार कानपुर से लोकसभा चुनाव जीता।
लेकिन 2014 और 2019 में उन्हें भाजपा उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा।
केंद्रीय राजनीति में भी उनकी भूमिका बेहद अहम रही।
वर्ष 2004 में वे गृह राज्य मंत्री बने और इसके बाद 2009 में मनमोहन सिंह सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्हें केंद्रीय कोयला मंत्री बनाया गया।
कानपुर की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में श्रीप्रकाश जायसवाल एक सादगीपूर्ण और प्रभावशाली नेता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ