रोजगार और भागीदारी के मुद्दे पर डॉ. पल्लवी पटेल ने निकाली प्रदेशव्यापी मोटरसाइकिल यात्रा

दीपक श्रीवास्तव 

रोजगार और भागीदारी के मुद्दे पर डॉ. पल्लवी पटेल ने निकाली प्रदेशव्यापी मोटरसाइकिल यात्रा
मुगलसराय पहुंची यात्रा, आठ दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव का ऐलान

जौनपुर/चंदौली।  ‘रोजगार एवं भागीदारी नहीं, तो सरकार नहीं’ के नारे के साथ अपना दल (कमेरावादी) की प्रदेशव्यापी रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा शुक्रवार को चंदौली के मुगलसराय पहुंची। पार्टी की शीर्ष नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा को गुरुवार को सारनाथ (वाराणसी) से राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में आईपी के पास बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए। यहां से मोटरसाइकिल यात्रा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से होते हुए मिर्जापुर के लिए रवाना हुई। यात्रा का नेतृत्व डॉ. पल्लवी पटेल स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर कर रही हैं।

पार्टी के अनुसार, यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। आठ दिसंबर को राजधानी में रोजगार एवं भागीदारी के मुद्दे पर विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

यात्रा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. गंगाराम यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल, प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश प्रधान, रामशिला एडवोकेट, अभय पटेल, गुरुपुरन पटेल और संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ