दीपक श्रीवास्तव
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मनाया गया बाल दिवस
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कंप्यूटर अनुप्रयोग विभाग में बाल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल दिवस के महत्व, पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. सुरजीत यादव ने कहा कि बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सीखने की ललक ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रत्येक बच्चे में कुछ नया सीखने और करने की अपार क्षमता होती है। आवश्यकता है कि उन्हें सकारात्मक वातावरण और उचित मार्गदर्शन मिले, जिससे वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।
संकाय अध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अनमोल पूंजी और भविष्य के निर्माता होते हैं। उनके सपनों और संभावनाओं को सही दिशा देना शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को केवल सफलता प्राप्त करने के लिए ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और नवाचारशील नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रो. नूपुर गोयल, डॉ. संजीव गंगवार, डॉ. मुनेंद्र सिंह, श्री पंकज कुमार, श्री सौरभ सिंह, श्री आदित्य कुमार जायसवाल, श्रीमती प्रियंका जायसवाल, श्री अवधेश कुमार यादव एवं डॉ. मिथिलेश पांडेय सहित विभाग के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें