धरना-प्रदर्शन और रैलियों से नहीं बदलतीं सरकारें, जनता के काम से बदलती हैं : कमलेश

दीपक श्रीवास्तव 

धरना-प्रदर्शन और रैलियों से नहीं बदलतीं सरकारें, जनता के काम से बदलती हैं : कमलेश पासवान

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन और वोट चोरी के आरोपों पर किया पलटवार, 2027 में भाजपा की वापसी का जताया भरोसा

जौनपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी  के जौनपुर में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और रैलियों से सरकारें नहीं बदलतीं, बल्कि जनता की नाराजगी और उसके फैसले से सरकार बदलती है। कांग्रेस और विपक्ष के कहने से सरकारें नहीं बनतीं। वह शनिवार को मुंगराबादशाहपुर के सतहरिया स्थित शुभम पैलेस में बिजली पासी सेवा समिति की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

डॉ. सूरज पासी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत किया गया। विधान परिषद चुनाव में भाजपा को छह सीटें मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इससे पहले भी समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार जीत चुका है। इस बार सपा को एक सीट अधिक मिली है, इससे ज्यादा कुछ नहीं है।

प्रदेश सरकार के कामकाज और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव और घर-घर तक पहुंची हैं। इसी काम के आधार पर भाजपा वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

एक नवंबर को विपक्ष के प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन और वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा अब खत्म हो गया है। विपक्ष के पास विकास का भी कोई मुद्दा नहीं बचा है। उसका एकमात्र उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाना रह गया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से गरीब जनता के लिए काम कर रही है। जनता जब सरकार से नाराज होती है, तभी सत्ता परिवर्तन होता है। केवल धरना-प्रदर्शन और रैलियों से सरकारें नहीं बदलतीं।

इस मौके पर मछलीशहर के भाजपा नेता, बिजली पासी समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ