जौनपुर सदर लोकसभा सीट पर भाजपा में दावेदारी की चर्चा तेज, कृष्ण कुमार जायसवाल ने उठाया वैश्य प्रतिनिधित्व का मुद्दा

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर सदर लोकसभा सीट पर भाजपा में दावेदारी की चर्चा तेज, कृष्ण कुमार जायसवाल ने उठाया वैश्य प्रतिनिधित्व का मुद्दा
राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि रहे कृष्ण कुमार जायसवाल ने पत्रकार वार्ता में राजनीतिक भागीदारी की रखी  मांग 

जौनपुर, 03 अक्टूबर । आगामी चुनाव को लेकर जौनपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा नेता एवं राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी और मुख्य चुनाव अभिकर्ता रहे कृष्ण कुमार जायसवाल ने वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाकर अपनी दावेदारी के संकेत दिए हैं। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है और वह पहले भी चुनाव में दावेदारी कर चुके हैं। 
बदलापुर पड़ाव स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में जायसवाल ने कहा कि वैश्य समाज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और जनसंघ के दौर से भाजपा को मजबूती देता आया है। इसके बावजूद समाज को उसकी संख्या और योगदान के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में वैश्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज लंबे समय से भाजपा के साथ जुड़ा रहा है, इसलिए उसकी राजनीतिक भागीदारी की अपेक्षाओं पर भी पार्टी नेतृत्व को विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश श्रीवास्तव समेत कई भाजपा नेता और वैश्य समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गिरीश चंद्र यादव जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं।  वहीं, कृष्ण कुमार जायसवाल की ओर से राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाए जाने के बाद स्थानीय भाजपा की राजनीति में सदर लोकसभा क्षेत्र को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ