सरिया से युवक की हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

दीपक श्रीवास्तव 
सरिया से युवक की हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर, 12 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे 28 वर्षीय विशाल यादव की लोहे की सरिया से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को मड़ियाहूं-रामदयालगंज मार्ग पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मुकदमे में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार तिवारीपुर निवासी स्वर्गीय जोखू यादव के पुत्र विशाल यादव का रामदयालगंज बाजार के एक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर विशाल पर लोहे की सरिया से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या की खबर से गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
विशाल की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव को मड़ियाहूं-रामदयालगंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने थाना लाइन बाजार में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 376/2026 में धारा 103(1), 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत वांछित दो अभियुक्तों नीरज यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी गहोरा और मनीष यादव पुत्र उदय प्रताप यादव उर्फ लल्लन निवासी चांदपुर, थाना लाइन बाजार, जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार नीरज यादव के विरुद्ध वर्ष 2021 से 2026 तक कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आयुध अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, एससी/एसटी अधिनियम के अलावा मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं।
वहीं, मनीष यादव के विरुद्ध वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 12 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ