जफ़राबाद के वार्डों में दौड़ीं फॉगिंग टीमें,चेयरमैन उम्मे रहिला के निर्देश पर वार्डों व मुख्य बाजार में हुआ छिड़काव

दीपक श्रीवास्तव 
जफ़राबाद के वार्डों में दौड़ीं फॉगिंग टीमें,चेयरमैन उम्मे रहिला के निर्देश पर  वार्डों व मुख्य बाजार में हुआ  छिड़काव

 
 
जौनपुर।जफ़राबाद कस्बे में डेंगू बुखार के बढ़ते प्रकोप और फॉगिंग न होने को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित की गई खबर का सीधा और बड़ा असर देखने को मिला है। खबर का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। बरसात के बाद बढ़े मच्छरों के प्रकोप और डेंगू-मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए नगर पंचायत ने पूरे कस्बे में सघन फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है।
वार्डों व संवेदनशील जगहों पर युद्धस्तर पर छिड़काव
नगर पंचायत चेयरमैन उम्मे रहिला के निर्देश पर शुक्रवार को देर शाम तक नगर के विभिन्न वार्डों में फॉगिंग कराई गई। नगर पंचायत की टीम ने वार्ड ताड़तला, चक महमूद, शेखवाड़ा समेत मुख्य बाजार व अन्य प्रमुख मोहल्लों में फॉगिंग मशीनों से कीटनाशक दवा का छिड़काव किया।
इस दौरान बजबजाती नालियों, जलजमाव वाले स्थानों और कूड़ा-कचरा वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से धुआं और दवा डाली गई, ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से मौके पर ही रोका जा सके।
रोस्टर बनाकर जारी रहेगा अभियान: चेयरमैन व ईओ
मच्छर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर नगर पंचायत प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में है:
 चेयरमैन उम्मे रहिला ने बताया कि बरसात के मौसम के बाद मच्छर जनित रोगों का खतरा काफी बढ़ जाता है। नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत द्वारा रोस्टर तैयार कराया गया है, जिसके तहत प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से फॉगिंग और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
 अधिशासी अधिकारी (ईओ) विजय कुमार सिंह ने बताया कि कस्बे के सभी वार्डों को कवर करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के हिसाब से तय कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संक्रामक बीमारियों का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक यह फॉगिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कस्बावासियों ने ली राहत की सांस
लगातार डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच फॉगिंग शुरू होने से स्थानीय नागरिकों ने बड़ी राहत की सांस ली है। वहीं, लोगों ने जनहित के इस गंभीर मुद्दे को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठाने के लिए मीडिया का आभार भी व्यक्त किया है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ