दीपक श्रीवास्तव
पूर्व सांसद केपी सिंह समेत पांच नेताओं को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में जगह
पुष्पराज सिंह, सुशील उपाध्याय, अनिता रावत और ब्रह्मदेव मिश्रा भी बने सदस्य
जौनपुर, 26 अक्टूबर।। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार देर रात प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची जारी की। इसमें जौनपुर के पूर्व सांसद डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह (केपी सिंह) समेत जिले के पांच नेताओं को जगह मिली है। पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सुशील कुमार उपाध्याय, मछलीशहर की पूर्व भाजपा प्रत्याशी अनिता रावत और ब्रह्मदेव मिश्रा को भी प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है।
जिले के नेताओं को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। नेताओं ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उज्ज्वल हिंदुस्तान से बातचीत करते हुए
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों के अनुरूप संगठन को आगे बढ़ाना और सभी कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में बांधना है। पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में जौनपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत के लिए प्रयास करने की बात कही।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाना, सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आगे बढ़ेगी और आगामी चुनाव में पार्टी की सरकार बनेगी।
वहीं, पूर्व प्रत्याशी अनिता रावत ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जौनपुर के कई नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया जाना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पार्टी की ओर से समय-समय पर दी गई जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें