दीपक श्रीवास्तव
पूर्व आईएएस डॉ. दिनेश चंद्र सिंह की राजनीति में उतरने की तैयारी, धामपुर से भाजपा टिकट के दावेदार
प्रशासनिक सेवा के बाद सामाजिक सेवा में आने की जताई इच्छा, बोले- राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ करना चाहता हूं काम
बिजनौर। नगीना तहसील के पुरैनी गांव निवासी पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने राजनीति में उतरने के संकेत दिए हैं। उन्होंने धामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए भारतीय जनता पार्टी से उम्मीदवार बनाए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह किसी भी राजनीतिक दल के सदस्य नहीं हैं।
शनिवार को बिजनौर के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी के रूप में समाज की सेवा की है। अब वह प्रशासनिक सेवा के बाद सामाजिक जीवन में आकर जनता के बीच काम करना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें जनता का आशीर्वाद और सहयोग चाहिए।
उन्होंने महात्मा विदुर की धरती को नमन करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना उनके मन में हमेशा रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की अपनी विचारधारा होती है। वह एक साधारण व्यक्ति हैं और अभी किसी राजनीतिक दल के सदस्य नहीं हैं। उनकी इच्छा है कि बिना किसी दल की सदस्यता लिए भी मौजूदा राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ मिलकर समाज के लिए काम करें।
उन्होंने बताया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए आवेदन करने वाले 5,585 लोगों में वह भी शामिल थे। चयन प्रक्रिया की छंटनी के बाद उनका नाम अंतिम चरण तक पहुंचा था। चयनित व्यक्ति को उन्होंने बधाई दी।
पूर्व आईएएस ने कहा कि वह धामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर सामाजिक सेवा के अपने कार्य को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसके लिए उनका प्रयास है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें धामपुर सीट से अपना उम्मीदवार बनाए।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें