दीपक श्रीवास्तव
व्यापारियों की बैठक में एमडीआर का मुद्दा उठा, छिपे शुल्क का किया विरोध
नगर अध्यक्ष जैकी साहू बोले- व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का छिपा शुल्क लगाया गया तो होगा पुरजोर विरोध
जौनपुर, 03 अक्टूबर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जौनपुर नगर कमेटी की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को ओलंदगंज स्थित हिचकी चाट रेस्टोरेंट में नगर अध्यक्ष जय कृष्ण साहू ‘जैकी’ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे। बैठक में डिजिटल भुगतान पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) का मुद्दा प्रमुखता से उठा।
नगर अध्यक्ष जैकी साहू ने कहा कि यूपीआई ने व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान को आसान बनाया है, लेकिन इसका कोई अतिरिक्त खर्च छोटे व्यापारियों पर बोझ नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपीआई मर्चेंट लेनदेन पर किसी भी प्रकार का एमडीआर शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए। यदि कोई छिपा हुआ शुल्क लगाया जाता है तो सरकार को इसकी स्पष्ट जानकारी पहले से उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों पर किसी भी प्रकार के छिपे शुल्क का पुरजोर विरोध करेगा।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों और ऑफलाइन कारोबारियों के बीच समान अवसर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने साइबर फ्रॉड से व्यापारियों को बचाने के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बात कही।
नगर प्रभारी अजीत सोनकर और महामंत्री दिलीप जायसवाल ने त्योहारों को देखते हुए बाजारों में सफाई, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कमर्शियल सोलर पैनल पर सब्सिडी देने की भी मांग उठाई।
नगर उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी ने डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन भुगतान को लेकर कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया। श्याम वर्मा ने हर माह व्यापारी संवाद बैठक कराने की बात कही। प्रदीप सिंह ने व्यापारी सुरक्षा बीमा योजना लागू करने और बाजारों को आधुनिक बनाने की मांग की।
अंत में प्रमुख बाजारों में राहगीरों और दर्शनार्थियों के लिए पेयजल व शरबत सेवा-स्टॉल लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में संजय जायसवाल, रवि गुप्ता, नवीन साहू, प्रशांत कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें